भाजपा प्रभारी मंत्री ने बजट पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में गिनाईं उपलब्धियां

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर भारतीय जनता पार्टी जौनपुर के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने बजट को समाज के हर वर्ग के हित में और विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने वाला बताते हुए कहा कि यह बजट कर्तव्यनिष्ठ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कर्तव्य पथ पर चलने का स्पष्ट उदाहरण है। वह बजट पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
ए.के. शर्मा ने कहा कि कर्तव्य भवन से प्रस्तुत यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र को पूरी तरह प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत करने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई देते हुए कहा कि यह भारत सरकार की पॉलिसी सस्टेनेबिलिटी और सुशासन का स्पष्ट प्रमाण है। जनता का प्रधानमंत्री पर जो अटूट विश्वास है, वह इस बजट में झलकता है। उन्होंने कहा कि वैश्विक अस्थिरता के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था लगभग सात प्रतिशत की दर से आगे बढ़ रही है, जो इस बात का प्रमाण है कि सरकार ने जीडीपी को मजबूत किया है और महंगाई को नियंत्रण में रखा है। इस बजट में शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े प्रोजेक्ट्स को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
प्रभारी मंत्री ने बजट को युवा शक्ति से प्रेरित बताते हुए कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रोथ के माध्यम से मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स को बढ़ावा देने और नए रोजगार सृजित करने पर विशेष जोर दिया गया है। सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, स्पोर्ट्स और बायोफार्मा जैसे क्षेत्रों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन मिलना सराहनीय है। उन्होंने बताया कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में लगभग 40 हजार करोड़ रुपये और बायोफार्मा क्षेत्र में 10 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान से भारत को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार किया गया है।
ए.के. शर्मा ने कहा कि इस बजट में महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज की भावना भी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है, जिससे बुनकरों, कुटीर एवं लघु उद्योगों को लाभ मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार को मजबूती मिलेगी। टूरिज्म और सांस्कृतिक केंद्रों के विकास की दिशा में भी यह बजट सरकार की दूरदर्शिता को दर्शाता है। उन्होंने 20 नए वॉटरवेज के निर्माण को परिवहन क्षेत्र में नए आयाम खोलने वाला कदम बताया। पटना और बनारस को शिप रिपेयरिंग सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना से इन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि नारियल उद्योग और मत्स्य पालन को प्राथमिकता देना सरकार की इस मंशा को दर्शाता है कि हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ा जाए। साथ ही परिवहन क्षेत्र के लिए बजट बढ़ाया जाना और रक्षा क्षेत्र के लिए 7.8 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान यह स्पष्ट करता है कि देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। प्रेस कांफ्रेंस में जिला अध्यक्ष मछलीशहर अजय सिंह, जिला महामंत्री जौनपुर अमित श्रीवास्तव, जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह एवं स्कंद पटेल उपस्थित रहे।






