SIR अभियान को लेकर भाजपा ने कसी कमर कार्यकर्ता युद्ध स्तर पर काम करें, जैसे खुद चुनाव लड़ रहे हों ओमप्रकाश श्रीवास्तव

जन एक्सप्रेस /जौनपुर:जौनपुर भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान को लेकर जिला स्तरीय बैठक का आयोजन जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश मंत्री ओमप्रकाश श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में काशी क्षेत्र के महामंत्री एवं जौनपुर के जिला प्रभारी अशोक चौरसिया उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री पंडित अटल बिहारी वाजपेई के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया और वंदे मातरम् का गायन हुआ।
हर कार्यकर्ता अपने चुनाव की तरह करे काम
प्रदेश मंत्री ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने बैठक में सभी मंडल प्रभारी एवं सह-प्रभारियों से बारी-बारी से वृत्त लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे युद्ध स्तर पर काम करें और ऐसा प्रयास करें मानो वे स्वयं अपना चुनाव लड़ रहे हों, क्योंकि यही मतदाता भविष्य में उनके काम आएंगे।उन्होंने निर्देश दिया कि विधानसभा, मंडल, वार्ड और बूथ स्तर तक फॉर्म-6 पहुंचाया जाए। जिन मतदाताओं के नाम कट गए हैं, उन्हें पुनः जुड़वाया जाए और जो युवा पहली बार मतदाता बनने के पात्र हो गए हैं, उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए।
रोजाना बूथ स्तर की रिपोर्ट भेजने के निर्देश
प्रदेश मंत्री ने कहा कि अब से प्रतिदिन बूथ स्तर की रिपोर्ट शाम को जिला कार्यालय भेजना अनिवार्य होगा। विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों के मतदाताओं पर अधिक ध्यान देने को कहा गया। सभी मंडल अध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे अपने मंडल में 10-10 लोगों की टीम गठित करें, जो रोजाना रिपोर्ट प्रेषित करेगी।
26 जनवरी तक फॉर्म-6 अभियान तेज करने का आह्वान
जिला प्रभारी अशोक चौरसिया ने कहा कि 26 जनवरी तक एसआईआर के तहत फॉर्म-6 के माध्यम से अधिक से अधिक मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथों पर बैठकर फॉर्म-6, 7, 8 और 9 भरवाने में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने इसे पार्टी के संगठनात्मक विस्तार का अहम हिस्सा बताया।
ड्राफ्ट लिस्ट में नाम जुड़वाने पर जोर अजीत प्रजापति
जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि सभी मंडल अध्यक्ष, प्रभारी एवं सह-प्रभारी को जमीनी हकीकत जाननी होगी। ड्राफ्ट मतदाता सूची में जिन पात्र मतदाताओं के नाम नहीं हैं, उन्हें हर हाल में जुड़वाया जाए। साथ ही अपात्र मतदाताओं की भी पहचान कर सूची को शुद्ध करने का निर्देश दिया गया।उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सूची की दोबारा जांच करें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को तुरंत सुधारें। संगठन को नुकसान न हो, इसके लिए युद्धस्तर पर काम करना अनिवार्य है।
तीन वर्गों पर विशेष फोकस
जिला प्रवासी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष सुल्तानपुर सीता सरन त्रिपाठी ने कहा कि पार्टी का फोकस तीन वर्गों पर है नए युवा मतदाता,
तकनीकी या दस्तावेजी कारणों से सूची से हटे मतदाता,सत्यापन के दौरान छूटे या मैपिंग न हो पाने वाले मतदाता।कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुनील तिवारी ने किया। बैठक में विधायक रमेश सिंह, पीयूष गुप्ता, संतोष सिंह, राज पटेल, रविंद्र सिंह (राजू दादा), संदीप तिवारी, पंकज मिश्र, रामसूरत बिंद, धनंजय सिंह, जितेंद्र मिश्र, विनोद शर्मा, घनश्याम यादव, लवकुश सिंह, कमलेश निषाद, राजकुमार जायसवाल, निखिल सोनकर, दिग्विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






