अपराधगाजियाबाद

गाजियाबाद में देह व्यापार का पर्दाफाश: आवासीय फ्लैट में गुप्त अड्डा, तीन गिरफ्तार!

जन एक्सप्रेस/गाजियाबाद: गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन क्षेत्र में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कौशांबी थाना क्षेत्र के वैशाली सेक्टर-5 में स्थित एक आवासीय फ्लैट पर छापा मारकर पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इस दौरान तीन महिलाओं को रेस्क्यू कर धंधे से मुक्त कराया गया। पुलिस को मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी मिली।

आवासीय इलाकों में सक्रिय गिरोह
सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि वैशाली सेक्टर-5 के प्लॉट नंबर 660 के ग्राउंड फ्लोर पर अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन महिलाओं को आपत्तिजनक स्थिति में पाया, जिनमें से एक महिला इस धंधे की संचालिका बताई जा रही है। इसके अलावा एक ग्राहक और एक मैनेजर को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस कार्यवाही के बावजूद जारी है देह व्यापार
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र के सख्त निर्देशों के बावजूद शहर में देह व्यापार का अवैध धंधा पूरी तरह से खत्म नहीं हो सका है। स्पा सेंटरों पर की गई कार्रवाई के बाद अब यह गतिविधियां रिहायशी इलाकों, हाई-राइज़ सोसाइटियों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और बड़े होटलों में शिफ्ट हो गई हैं। इन अवैध गतिविधियों को संगठित गिरोह चला रहे हैं, जो पर्दे के पीछे रहकर नए चेहरों को आगे कर इस गोरखधंधे को जारी रखते हैं।

सख्त कार्रवाई की जरूरत
पुलिस की कार्रवाई के बावजूद कई बड़े होटल और रेस्टोरेंट इस धंधे के अड्डे बने हुए हैं। कुछ होटलों में विशेष दिनों पर विदेशी कलाकारों की महफिलें भी सजाई जाती हैं, जहां रसूखदार ग्राहक बिना किसी रोक-टोक के सुविधाएं प्राप्त करते हैं। जिस तरह पुलिस प्रशासन ने शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है, उसी तरह होटल, रेस्टोरेंट और ओयो होटलों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की जरूरत है ताकि इस अवैध धंधे पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button