गाजीपुर में गूंजा लोकमाता अहिल्याबाई होलकर का यशगान
नारी सशक्तिकरण और सनातन मूल्यों के संरक्षण पर दिया जोर -सुशील उपाध्याय

जन एक्सप्रेस/गाजीपुर: गाजीपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एक भव्य और विचारोत्तेजक प्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन त्रिशताब्दी स्मृति वर्ष के अवसर पर लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर जी को समर्पित किया गया। यह आयोजन उनके अतुलनीय योगदान को नमन करते हुए सनातन संस्कृति के संरक्षण, नारी सशक्तिकरण और समतामूलक समाज की स्थापना के लिए उनके कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने हेतु किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जौनपुर जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय सम्मिलित हुए श्री उपाध्याय ने कहा, “लोकमाता अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की वह अमर विभूति हैं, जिनकी शासन नीति, जनकल्याण की भावना और धार्मिक-सांस्कृतिक पुनरुत्थान के प्रयास युगों-युगों तक प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने महिलाओं को समाज में गरिमापूर्ण स्थान दिलाने हेतु जो कार्य किए, वह आज भी प्रासंगिक और अनुकरणीय हैं।”
सम्मेलन में सैकड़ों की संख्या में पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्गों के बुद्धिजीवियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने लोकमाता के जीवन मूल्यों को जनप्रतिनिधियों के कर्तव्य-बोध से जोड़ते हुए, सेवा और समर्पण की भावना से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का आयोजन त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के अंतर्गत किया गया, जिसमें उनके जीवनवृत्त, सांस्कृतिक पुनरुत्थान हेतु किए गए कार्यों तथा समरस समाज की उनकी कल्पना पर विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर लोकमाता अहिल्याबाई के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए यह संकल्प लिया गया कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज में सनातन मूल्यों की पुनर्स्थापना और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।






