जौनपुर जिले के मुंगरा बादशाहपुर विधानसभा में बीएसपी ने कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने जौनपुर जिले की मुंगराबादशाहपुर विधानसभा सीट पर अपनी तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है। रविवार को आयोजित एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में बीएसपी ने न केवल संगठन को मजबूती देने का संदेश दिया, बल्कि चुनावी रणनीति का भी स्पष्ट संकेत दे दिया।
इस सम्मेलन में वाराणसी और कानपुर मंडल के मंडल कोऑर्डिनेटर विजय प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। हजारों की संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उन्होंने विनोद मिश्रा को मुंगराबादशाहपुर विधानसभा का प्रभारी एवं संभावित प्रत्याशी घोषित किया। मंच से इस घोषणा के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।
विजय प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि बीएसपी अब किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी और चुनाव से काफी पहले संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जमीनी स्तर पर पार्टी की नीतियों और बहन मायावती के संदेश को घर-घर तक पहुंचाएं।
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान यह साफ नजर आया कि बसपा 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। पार्टी ने सबसे पहले विनोद मिश्रा को प्रभारी घोषित कर ब्राह्मण समाज को साधने की रणनीति पर भी काम शुरू कर दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि बसपा ब्राह्मण वोट बैंक में सेंध लगाने में सफल होती है तो यह सत्ताधारी दल भाजपा के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।
अपने भाषण में मंडल कोऑर्डिनेटर विजय प्रकाश ने कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि अन्य दल आपके वोट बैंक में सेंधमारी करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे, लेकिन आप सभी को पूरी तरह सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि अगर कार्यकर्ता संगठित और जागरूक रहे तो कोई भी ताकत बहन जी को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने से नहीं रोक सकती।
विजय प्रकाश ने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव से लगभग एक वर्ष पहले प्रभारी की घोषणा करने का उद्देश्य यह है कि नेताओं और कार्यकर्ताओं को पर्याप्त समय मिले, ताकि वे मिलकर संगठन को मजबूत कर सकें और जनता से सीधा संवाद बना सकें।
मीडिया से बातचीत के दौरान विजय प्रकाश ने बताया कि मुंगराबादशाहपुर विधानसभा में बहन मायावती के निर्देश पर यह कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई थी। उन्होंने बताया कि बैठक में सभी कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वर्तमान में चल रहे SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान के दौरान किसी भी मतदाता का नाम छूटने न पाए, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की सभी विधानसभाओं में इस तरह की बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा सके। जब उनसे कांग्रेस द्वारा सरकार पर लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों और यूजीसी के नए कानून को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इस विषय पर कोई टिप्पणी करने से बचते नजर आए।
कार्यकर्ता सम्मेलन में मौजूद लोगों का कहना था कि विनोद मिश्रा को प्रभारी बनाए जाने से संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। पार्टी कार्यकर्ताओं को अब स्पष्ट दिशा और नेतृत्व मिल गया है, जिससे आने वाले समय में बसपा का जनाधार और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कुल मिलाकर, मुंगराबादशाहपुर विधानसभा से बसपा ने चुनावी शंखनाद कर यह साफ कर दिया है कि 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद रोचक होने वाला है और बसपा किसी भी दल को आसान चुनौती नहीं देने वाली।






