जौनपुर में कैरियर गाइडेंस मेला: छात्रों को मिला ‘पंख’ कार्यक्रम का लाभ

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जनपद में विद्यार्थियों को सही कैरियर दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से समग्र शिक्षा माध्यमिक कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य कैरियर गाइडेंस मेले का आयोजन शनिवार को रजा डीएम शिया इंटर कॉलेज परिसर में किया गया। इस मेले में कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को उनके भविष्य की संभावनाओं से रूबरू कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, प्रधानाचार्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश की दूरदर्शी सोच के अनुरूप माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के विद्यार्थियों के लिए ‘पंख’ कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की अभिरुचि, क्षमता और योग्यता के अनुसार उन्हें उपयुक्त कैरियर विकल्पों की जानकारी देना है, जिससे वे भविष्य में सही निर्णय ले सकें।
उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में सही समय पर सही कैरियर का चयन अत्यंत आवश्यक है। यदि छात्र-छात्राएं अपनी रुचि और सामर्थ्य को पहचानकर आगे बढ़ें, तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे कैरियर गाइडेंस मेले विद्यार्थियों को भ्रम से निकालकर स्पष्ट लक्ष्य की ओर अग्रसर करते हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों से आह्वान किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन नियमित रूप से किया जाए, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के छात्र समान रूप से लाभान्वित हो सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से माननीय प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित लेफ्टिनेंट कर्नल पुष्पेंद्र सिंह (कीर्ति चक्र) ने विद्यार्थियों को कैरियर को लेकर विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी। उन्होंने भारतीय सेना में उपलब्ध विभिन्न कैरियर अवसरों की जानकारी देते हुए कहा कि सेना केवल नौकरी नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा का माध्यम है। अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व जैसे गुणों से जीवन को सफल बनाया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया और कहा कि कठिन परिस्थितियां ही व्यक्ति को मजबूत बनाती हैं।
कैरियर गाइडेंस मेले में जनपद के समस्त राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य अपने-अपने विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ उपस्थित रहे। विद्यार्थियों द्वारा कैरियर से संबंधित विभिन्न विषयों पर मॉडल, चार्ट एवं प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए, जिनका जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथियों द्वारा क्रमवार अवलोकन किया गया। अतिथियों ने छात्रों की रचनात्मकता और नवाचार की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय कुमार पांडे, सह जिला विद्यालय निरीक्षक विवेक कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल, प्रधानाचार्य आईटीआई मनीष कुमार पाल, जिला समन्वयक समग्र शिक्षा डॉ. राजन सिंह, रजा डीएम शिया इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अलमदार हुसैन नजर सहित अन्य अधिकारी एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं एवं कैरियर के प्रति सकारात्मक सोच के संदेश के साथ किया गया।






