उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुआ मुकदमा, जफराबाद पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर जफराबाद थाना क्षेत्र में कब्रिस्तान की जमीन पर कब्र खोदने को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने पहले एकतरफा कार्रवाई की, लेकिन मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचने और मीडिया में सुर्खियां बनने के बाद तीसरे दिन दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज करना पड़ा।
मामला मखदूमपुर गांव स्थित कब्रिस्तान का है। 25 फरवरी की शाम लगभग 5 बजे कब्र खोदने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। शेखवाड़ा मोहल्ला निवासी शाह शब्बीर हुसैन उर्फ बबलू का आरोप है कि मौके पर मौजूद डॉक्टर सरफराज खान और उनके समर्थकों ने जेसीबी से कब्र खोदने की बात कही। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित का कहना है कि थाने में तहरीर देने के बावजूद उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उल्टा दूसरे पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने बबलू, उनके भतीजे व अन्य लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर दी। एक पक्षीय कार्रवाई से नाराज परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गुहार लगाई। सभासद शाह नेयाज़ अहमद ने मीडिया के समक्ष पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
बताया जाता है कि उच्चाधिकारियों के संज्ञान में प्रकरण आने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने डॉक्टर सरफराज खान व दो अन्य के खिलाफ भी बीएनएस की तीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष श्री प्रकाश शुक्ला ने दूरभाष पर बताया कि मुकदमा उनके आदेश पर ही दर्ज किया गया है। मामले को लेकर क्षेत्र में पुलिस की भूमिका पर चर्चाएं तेज हैं।






