नर्स की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिले के नगर कोतवाली थाना इलाके के न्यू कॉलोनी बाबागंज में नर्स का संदिग्ध परिस्थितियों शव कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिला था। उस मामले में नर्स के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मिली जानकारी के अनुसार अमेठी जिले के हरकन्दपुर गांव निवासी अमित की पत्नी वंदना ( 35 वर्ष ) न्यू कॉलोनी बाबागंज में राम निहोर प्रजापति के मकान में अपनी दो बेटियों संग किराए पर कमरा लेकर रहती थी। बुधवार की शाम उसने कमरे को भीतर से बंद कर फांसी लगा ली। उस समय दोनों बेटियां घर से बाहर खेल रहीं थीं। पुलिस के अनुसार बुधवार को एक परिचित उससे मिलने पहुंचा। आवाज देने पर भी कमरे के भीतर से कोई हलचल नहीं हुई। कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। खिड़की से देखने पर फंदे से कोई लटकता दिखा। परिचित की सूचना पर मकान मालिक का बेटा पहुंचा। दूसरे किरायेदारों की मदद से दरवाजा तोड़कर लोग भीतर घुसे। देखा तो वंदना फंदे से लटक रही थी। लोगों ने उसे फंदे से नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। मकान मालिक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी कमरे का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किया। नर्स के पति अमित कुमार ने तहरीर देते हुए थाना कोतवाली नगर इलाके के रहने वाले एक व्यक्ति पर आरोप लगाया है कि उसी की वजह से तंग आकर उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। सीओ सिटी प्रशांत राज ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज हो गया है। पोस्मार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आयेंगे उनके अनुसार विधिक कार्रवाई की जायेगी।






