गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी का रुद्राभिषेक, विश्व कल्याण की कामना
गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से महादेव का अभिषेक, मंत्रोच्चारण के साथ हुआ हवन-पूजन

जन एक्सप्रेस/गोरखपुर।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में देवाधिदेव महादेव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान शिव की आराधना करते हुए प्रदेश एवं विश्व कल्याण की कामना की।रुद्राभिषेक के दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा।
वैदिक आचार्यों द्वारा संपन्न कराए गए इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्यमंत्री योगी ने श्रद्धा एवं आस्था के साथ पूजा-अर्चना की।रुद्राभिषेक के पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधि-विधान से हवन-पूजन भी किया। उन्होंने यज्ञ में आहुति देकर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की।मुख्यमंत्री के इस धार्मिक अनुष्ठान से गोरखनाथ मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और मंदिर से जुड़े संत-महंतों ने इस पावन अवसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर बताया।






