उत्तर प्रदेशचित्रकूट

डीएम के निरीक्षण के दो दिन बाद ही बाल सुधार गृह से फरार हुआ बाल अपचारी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सुबह 3:30 बजे कर्मचारियों को चकमा देकर भागा किशोर, एक महीने से चोरी के मामले में था निरुद्ध

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट। जिले के एसडीएम कॉलोनी स्थित बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। जिलाधिकारी के हालिया निरीक्षण के महज दो दिन बाद ही बाल सुधार गृह से एक बाल अपचारी फरार हो गया। घटना से प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।जानकारी के अनुसार चोरी के मामले में करीब एक महीने से बाल सुधार गृह में निरुद्ध एक किशोर शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे तैनात कर्मचारियों को चकमा देकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि फरार बाल अपचारी हमीरपुर जिले के सुमेरपुर क्षेत्र का निवासी है।घटना के बाद बाल सुधार गृह प्रशासन में हड़कंप मच गया।

मामले में जेल अधीक्षक वीर सिंह और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की लापरवाही सामने आने की बात कही जा रही है। फरार किशोर की तलाश के लिए पुलिस और प्रशासनिक टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। करीब एक वर्ष पहले भी यहां से एक बाल अपचारी फरार हुआ था, जिसका आज तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से बाल सुधार गृह की निगरानी व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और फरार बाल अपचारी को कब तक पकड़ा जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button