धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, रंगोली से खेल प्रतियोगिताओं तक बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर बाल मेला आयोजित, प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

जन एक्सप्रेस कौशांबी:पी.एम. श्री कंपोजिट विद्यालय कशिया पश्चिम सिराथू में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस पर बाल मेला हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की वरिष्ठ अध्यापिका श्रीमती पुष्पा सिंह ने सरस्वती पूजन के साथ की। इसके बाद अध्यापकों द्वारा नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन, विचारों एवं बच्चों के प्रति उनके स्नेह के बारे में अवगत कराया गया।बाल मेले में बच्चों के लिए रंगोली प्रतियोगिता, सुलेख प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता व विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने श्रीमती ज्योतिराज के मार्गदर्शन में सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनसे वातावरण उल्लासपूर्ण हो उठा।कार्यक्रम का संचालन रुचि मिश्रा द्वारा सुचारू रूप से किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त छात्रों को विद्यालय परिवार द्वारा सम्मानित किया गया।इस अवसर पर विकास चंद केसरवानी, नितेश जायसवाल, अनीता पांडे, अभिलाषा सिंह, संघप्रिया, प्रेम प्रकाश, नीरज कुमार सहित अनेक अभिभावक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ अध्यापिका पुष्पा सिंह ने सभी अध्यापकों, विद्यार्थियों तथा उपस्थित ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया और बाल दिवस की शुभकामनाएँ दीं।






