:जौनपुरउत्तर प्रदेश

चाइनीज़ मंझे ने ली प्राइवेट शिक्षक की जान

शास्त्री ब्रिज पर हुआ दर्दनाक हादसा, परिवार में मचा कोहराम

जन एक्सप्रेस जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शास्त्री ब्रिज पर गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में प्राइवेट शिक्षक संदीप तिवारी (40 वर्ष), निवासी उमरपुर हरिबंधनपुर, की चाइनीज़ मांझे की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना करीब सुबह 8 बजे की है, जब वे अपनी बेटी मन्नत (कक्षा 2) को सेंट पैट्रिक स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे।

चाइनीज़ मांझे से बुरी तरह कटी शिक्षक की गर्दन

जैसे ही संदीप तिवारी शास्त्री ब्रिज पर पहुंचे, अचानक उड़ते हुए चाइनीज़ मांझे ने उनकी गर्दन को बुरी तरह से काट दिया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन गंभीर चोट के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम बिक रहा खतरनाक मांझा

चाइनीज़ मांझे पर प्रतिबंध होने के बावजूद शहर में इसका बेधड़क उपयोग और बिक्री लगातार जानलेवा साबित हो रही है। आए दिन लोग इस घातक मांझे के शिकार हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई न के बराबर दिखाई देती है। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृत्यु की खबर लगते ही परिवार में रोना-पीटना मच गया। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button