चित्रकूट पुलिस की बड़ी कामयाबी: लाखों की चोरी का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह पकड़ा
राजापुर क्षेत्र की चोरी का खुलासा, 3 शातिर गिरफ्तार, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और कार सहित लाखों का माल बरामद

जन एक्सप्रेस, चित्रकूट। थाना राजापुर क्षेत्र के ग्राम पराको में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। राजापुर पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने एक अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन कुख्यात चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये के जेवरात, 43 हजार से अधिक की नकदी, अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई
18 जून की दोपहर मुखबिर की सूचना पर छत्रपति साहूजी महाविद्यालय नरैना खेड़ा (थाना रैपुरा) के पास घेराबंदी कर पुलिस ने तीनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्तों में राघवेन्द्र कुशवाहा (रीवा, मप्र), विनोद कुशवाहा (सतना, मप्र) और शिवबली निषाद (चित्रकूट) शामिल हैं।
बरामद हुआ भारी सामान और हथियार
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, विभिन्न पहचान पत्र, एटीएम कार्ड, दो मोबाइल, ₹43,000 से अधिक नकदी और एक अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इनके पास से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (MP 17 ZA 0712) भी जब्त की गई।
तीनों पर पहले से दर्ज हैं दर्जनों मुकदमे
तीनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है। विनोद कुशवाहा पर मध्यप्रदेश व उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 15 से अधिक मुकदमे, शिवबली निषाद पर 18 मुकदमे और राघवेन्द्र कुशवाहा पर भी कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। इनमें चोरी, डकैती, गैंगेस्टर, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, विस्फोटक अधिनियम जैसे संगीन अपराध शामिल हैं।
CCTV से पहचान, फिर पहुंचा पुलिस जाल तक
ग्राम पराको में 1 जून को अजय कुमार पांडेय के घर चोरी की वारदात हुई थी। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने सुराग जोड़े और हाई-प्रोफाइल चोरी को बेनकाब कर दिया।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने अभियुक्त शिवबली के खिलाफ अवैध हथियार रखने के आरोप में आर्म्स एक्ट की अलग धाराएं भी जोड़ी हैं। तीनों अभियुक्तों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।






