:जौनपुरउत्तर प्रदेश

स्वास्थ्य केंद्रों का सीएमओ ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

जन एक्सप्रेस /जौनपुर:जौनपुर,जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभात कुमार ने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकीय सेवाओं, स्टाफ की उपस्थिति, साफ-सफाई एवं जांच सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।निरीक्षण के क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जय गोपालगंज का निरीक्षण किया गया, जहां सभी चिकित्सक उपस्थित पाए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) उपस्थित रहे, जिनके द्वारा दो मरीजों का उपचार किया जा रहा था। एएनएम सेंटर पर 14 प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध पाई गईं।इसके उपरांत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलाव का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय धर्मेंद्र एवं स्वप्न उपस्थित मिले। चिकित्सक के संबंध में जानकारी लेने पर बताया गया कि वे इमरजेंसी ड्यूटी के चलते मुफ़्तीगंज गए हुए हैं। सीएमओ ने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी समय से केंद्र पर उपस्थित रहकर अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। केंद्र पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।इसके अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरकोनी का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक सहित सभी चिकित्सा अधिकारी उपस्थित पाए गए। यहां अब तक 30 जांच की जा चुकी थीं तथा दवाइयों की उपलब्धता भी पर्याप्त पाई गई। सीएमओ ने संस्थान में प्रसव सेवाओं को बढ़ाने एवं अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण (कंडम) के निर्देश दिए।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभात कुमार ने स्पष्ट किया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर समयबद्ध उपस्थिति, स्वच्छता, जांच एवं उपचार सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button