कोडीन कफ सिरप कांड: जौनपुर में ईडी की बड़ी कार्रवाई, केदार फार्मा से जुड़े व्यक्ति के घर छापेमारी
कई जिलों में प्रतिबंधित सिरप की भारी मात्रा मिलने के बाद एजेंसियों की जांच तेज, 4 लाख बोतलों तक की बिलिंग के तार जुड़े

जन एक्सप्रेस जौनपुर।प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप की बड़े पैमाने पर अवैध सप्लाई मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को ईडी की टीम ने जिले में केदार फार्मा से जुड़े अमर पांडेय के घर पर छापेमारी की। यह छापेमारी प्रदेश के कई जिलों में चल रही बड़ी कार्रवाई का हिस्सा मानी जा रही है।सूत्रों के अनुसार, बीते 20 नवंबर को प्रदेशभर में कोडीन सिरप की अवैध बिलिंग और सप्लाई को लेकर जांच शुरू हुई थी। जौनपुर में हुई छापेमारी में कई मेडिकल एजेंसियों से भारी मात्रा में सिरप की बोतलें बरामद की गई थीं।छापेमारी के दौरान केदारनाथ मेडिकल से 62,250 बोतलें, निगम मेडिकल एजेंसी (ओलंदगंज) के मालिक देवेश कुमार दुबे से 21,000 बोतलें, और एसएन मेडिकल एजेंसी (मुफ्ती मोहल्ला) की मालिक महरून निशा के यहां से 18,000 बोतलें बिलिंग में सामने आई थीं। वहीं सबसे बड़ी गड़बड़ी केदार मेडिकल एजेंसी (उदपुर, नौपेड़वा) की बताई गई, जहां 62,250 प्रतिबंधित सिरप की बिलिंग उजागर हुई थी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय ने कुछ दिन पहले बताया था कि अब तक 15 मेडिकल फर्म जांच के दायरे में आ चुकी हैं और सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु तहरीर दी जा चुकी है।इस पूरे नेटवर्क में शहर कोतवाली क्षेत्र की पूर्वांचल एसोसिएट के मालिक अंकित कुमार श्रीवास्तव का नाम भी प्रमुख रूप से सामने आया है, जिनकी फर्म से 4 लाख बोतलों की बिलिंग का खुलासा हुआ था। इतने बड़े स्तर पर बिलिंग सामने आने से जांच एजेंसियों की सक्रियता और बढ़ गई है। अब ईडी की ओर से लगातार छापेमारी जारी है, जिससे इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य कड़ियों के भी उजागर होने की संभावना जताई जा रही है।






