उत्तराखंडनई टिहरी

चम्बा ब्लॉक के खेमड़ा गांव में सामाजिक सुधार की मिसाल, शराब पर पूर्ण रोक

जन एक्सप्रेस/नई टिहरी: विकासखंड चम्बा की ग्राम पंचायत खेमड़ा में आयोजित ग्राम स्तरीय बैठक में सामाजिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान श्रीमती रजनी गुसाईं ने की, जिसमें ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में शादी-समारोह, जन्मदिन, धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में शराब पिलाने एवं सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह निर्णय गांव को नशामुक्त बनाने तथा सामाजिक वातावरण को स्वस्थ एवं संस्कारित रखने के उद्देश्य से लिया गया।

साथ ही विधानसभा, लोकसभा एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के दौरान शराब वितरण एवं सेवन पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियम का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सामाजिक कार्रवाई के साथ 51000 का आर्थिक दण्ड लगाया जाएगा। यह नियम 1 मई से प्रभावी होगा।
बैठक में सामाजिक व्यवस्था को मजबूत करने हेतु ग्राम समाज सुधार समिति का गठन भी किया गया। समिति में नारायण सिंह चंदेल को अध्यक्ष, देवकी पंवार को उपाध्यक्ष, जयपाल सिंह नेगी को सचिव तथा ममता देवी को सह-सचिव बनाया गया। इसके अतिरिक्त कोषाध्यक्ष रजनी देवी सहित अन्य समिति सदस्य पूजा देवी, संपत्ति देवी, लक्ष्मी देवी, उर्मिला देवी, दिलवर नेगी बीना देवी, रीना को नामित किया गया।

ग्राम प्रधान ने बताया कि यह पहल युवाओं को नशे से दूर रखने तथा गांव में सामाजिक अनुशासन और सकारात्मक वातावरण बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शराब नहीं संस्कार मुहिम से जुड़े सुशील बहुगुणा ने कहा कि आज जागरूक युवा प्रधान व समाज के युवा व महिलाएं अपने ग्राम को नशा मुक्त करने हेतु आगे आ रहे हैं इस अवसर पर शराब नही संस्कार मुहिम की कुंभीभाला भट्ट व लक्ष्मी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button