जौनपुर: शांति निकेतन विद्यालय के अध्यक्ष बैजनाथ तिवारी का निधन, शोक सभा आयोजित

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जनपद के सुईथाकलां क्षेत्र में शिक्षा जगत से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है।
शांति निकेतन पूर्व माध्यमिक विद्यालय सारी जहांगीर पट्टी की प्रबंध समिति के अध्यक्ष बैजनाथ तिवारी का शुक्रवार को अस्वस्थता के चलते निधन हो गया।
लंबे समय से थे अस्वस्थ
क्षेत्र के चिलबिली (हसनपुर) गांव निवासी लगभग 95 वर्षीय बैजनाथ तिवारी काफी समय से बीमार चल रहे थे।
उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों और विद्यालय परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
विद्यालय में आयोजित हुई शोक सभा
शनिवार को विद्यालय परिसर में प्रबंधक वंश गोपाल त्रिपाठी के निर्देशन में शोक सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक महेश दूबे ने की।
कर्मठ और मृदुभाषी व्यक्तित्व
शोक सभा में अपने संबोधन के दौरान प्रधानाध्यापक महेश दूबे ने बैजनाथ तिवारी को कर्मठ, सरल और मृदुभाषी व्यक्तित्व का धनी बताया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
दो मिनट का मौन रख दी श्रद्धांजलि
सभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया और ईश्वर से प्रार्थना की।
इस दौरान शिक्षक हरिप्रकाश शुक्ल, दिनेश चन्द्र चतुर्वेदी, राजेश चौबे, परिचारक राम सजीवन मौर्य सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं और रसोइयां मौजूद रहीं।






