:जौनपुरउत्तर प्रदेश

कांग्रेस ने किया देश के साथ पाप: कौशलेंद्र पटेल

एकता पदयात्रा के बाद आयोजित विशाल जनसभा में गरजे नेता

जन एक्सप्रेस। जौनपुर: सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर रविवार को आयोजित एकता पदयात्रा के उपरांत ब्लॉक मुख्यालय पर विशाल जनसभा संपन्न हुई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष कौशलेंद्र पटेल ने अपने उद्बोधन में कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में कांग्रेस ने सबसे बड़ा पाप देश के साथ यह किया कि लौहपुरुष सरदार पटेल को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे वास्तविक हकदार थे।कौशलेंद्र पटेल ने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में सरदार पटेल का नाम ही सबसे उपयुक्त था, क्योंकि उन्होंने ही अखंड भारत की नींव रखी और 562 रियासतों का विलय कर देश को एक सूत्र में पिरोया। लेकिन तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों के चलते पंडित नेहरू को आगे कर दिया गया, जो इतिहास की सबसे बड़ी भूल थी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का यह निर्णय न केवल पटेल जैसे महापुरुष के प्रति अन्याय था, बल्कि स्वतंत्र भारत की दिशा और दशा को भी दशकों तक प्रभावित करने वाला साबित हुआ।उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जिस पार्टी ने नेहरू से लेकर राजीव गांधी, संजय गांधी तक पूरे खानदान के स्मारक दिल्ली में बनवाए, वही पार्टी सरदार पटेल का स्मारक बनवाने की बात तक भूल गई। यह देश के लौहपुरुष के गौरव और उनके योगदान का घोर अपमान है। उन्होंने कहा कि आज देश उनके आदर्शों पर चल रहा है, तभी “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का सपना साकार हो पा रहा है।सभा में विधायक शाहगंज रमेश सिंह ने भी सरदार पटेल के जीवन और उनके राष्ट्रनिर्माण में दिए ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पटेल न केवल भारतीय एकता के शिल्पी थे, बल्कि वे प्रशासनिक दक्षता, दृढ़ इच्छाशक्ति और अदम्य साहस के प्रतीक थे। बिहार के हालिया जनादेश का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि बिहार की जनता ने बता दिया है कि अब देश जाति, धर्म और मजहब की संकीर्ण राजनीति को नकार चुका है। जनता विकास, सुशासन और पारदर्शिता चाहती है।इससे पूर्व एकता पदयात्रा का शुभारंभ लालापुर से किया गया। लगभग चार किलोमीटर लंबी पदयात्रा में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए। पूरे मार्ग में “एकता”, “अखंडता” और “राष्ट्रहित” के नारों से क्षेत्र गूंज उठा। पदयात्रा ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर जनसभा में परिवर्तित हो गई।सभा का संचालन राकेश वर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अजीत प्रजापति ने दिया।
इस दौरान किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र उपाध्याय, खुटहन ब्लाक प्रमुख बृजेश यादव, प्रधान संघ अध्यक्ष राम प्रकाश दुबेलक्ष्मी साहूबेचन सिंहपवन पाल सहित सैकड़ों विशिष्टजन उपस्थित रहे। पदयात्रा के जिला संयोजक सुनील तिवारीराम खेलावन वर्मा एवं अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और लोगों से सरदार पटेल के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की।सभा के अंत में उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान जनता में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button