उत्तराखंडविकासनगर

सेलाकुई की स्वरना नदी में अवैध खनन का आरोप, कांग्रेस नेता ने खोली पोल

जन एक्सप्रेस/विकासनगर: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विकास शर्मा ने सेलाकुई क्षेत्र की स्वरना नदी में रिवर बैड माइनिंग कंपनी के पट्टे का दुरुपयोग करते हुए बड़े पैमाने पर अवैध खनन की शिकायत की है। शर्मा ने आरोप लगाया कि नदी के विभिन्न स्थानों पर करीब 15 फीट तक गहरे गड्ढे खोद दिए गए हैं, जिससे नदी का प्राकृतिक स्वरूप पूरी तरह बिगड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रिवर बैड कंपनी द्वारा तय पर्यावरणीय और खनन मानकों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। दिन भर ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉली से रेत, बजरी और पत्थर (RBM) का अवैध परिवहन किया जा रहा है और इसे कैंचीवाला क्रेशर तक पहुंचाया जा रहा है।

विकास शर्मा ने खनन विभाग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा, “जहां रिवर बैड कंपनी का नाम जुड़ता है, वहां विभाग मूकदर्शक बना रहता है। कोई कार्रवाई नहीं होती।” उन्होंने सेलाकुई थाने के पास से गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों का जिक्र करते हुए पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी तीखा हमला बोला।

शर्मा ने चेतावनी दी कि अगर खनन विभाग और पुलिस तुरंत कार्रवाई नहीं करती, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेगी। इस मामले पर खनन विभाग के निदेशक राजपाल लेघा ने कहा कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिला खान अधिकारी ऐश्वर्या शाह से मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। यह घटना विकासनगर तहसील के सेलाकुई क्षेत्र में सवरना नदी से जुड़ी है, जहां पहले भी अवैध खनन और क्रेशर जोन से संबंधित शिकायतें सामने आ चुकी हैं।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button