उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

भगवान निषादराज के पोस्टर पर कांग्रेस नेता के पोस्टर, निषाद समाज में भारी आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में भगवान निषादराज जन्मोत्सव को लेकर पोस्टर विवाद ने तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि जन्मोत्सव के अवसर पर लगाए गए भगवान निषादराज के पोस्टरों के ऊपर कांग्रेस नेता नदीम जावेद के राजनीतिक पोस्टर चस्पा कर दिए गए, जिससे निषाद समाज में भारी आक्रोश फैल गया है।

इस मामले को लेकर निषादराज जन सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र निषाद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह कृत्य समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है और इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की बात करने वाले ही भगवान निषादराज का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संबंधित लोगों द्वारा जल्द ही पोस्टरों को सम्मानपूर्वक पुनः स्थापित नहीं किया गया, तो निषाद समाज सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा।

समिति के सदस्यों ने कहा कि भगवान निषादराज पूरे समाज के आराध्य हैं और उनका अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। धर्मेंद्र निषाद ने प्रशासन से इस मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई जाएगी।

घटना के बाद शहर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और निषाद समाज में कांग्रेस नेता नदीम जावेद के खिलाफ नाराजगी देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button