jaunpurउत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

कांग्रेस की नई जिला टीम बनी विवाद की जड़!

नियुक्तियों के तुरंत बाद कई नेताओं ने ठुकराई जिम्मेदारी

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: कांग्रेस पार्टी की जिला इकाई में नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही संगठनात्मक भूचाल आ गया है। शुक्रवार की रात जैसे ही 90 पदाधिकारियों की सूची जारी की, पार्टी के भीतर विरोध के सुर गूंजने लगे। शनिवार सुबह होते-होते इस्तीफों की बाढ़ सी आ गई। सोशल मीडिया पर एक के बाद एक इस्तीफे के पत्र वायरल होने लगे, जिसने जिला इकाई की नई टीम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नवनियुक्त पदाधिकारियों में कई नेताओं ने नई जिम्मेदारी को स्वीकारने से इनकार करते हुए प्रदेश अध्यक्ष को त्यागपत्र भेज दिया। इनमें प्रमुख रूप से जिला सचिव डॉ. प्रभात विक्रम सिंह का नाम सामने आया है, जिन्होंने व्यस्तता का हवाला देते हुए पद से हटने का निर्णय लिया। वहीं अबरार कुरैशी ने भी जिला सचिव पद लेने से इनकार कर दिया।
जिला सचिव अभिमन्यु तिवारी ने भी अपने इस्तीफे में साफ किया कि वे पद त्याग रहे हैं, लेकिन पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा अडिग रहेगी। जिला महासचिव अजय कुमार सोनकर ने पारिवारिक और निजी कारणों का हवाला देकर पद से इस्तीफा दे दिया, पर उन्होंने कांग्रेस के सिद्धांतों से जुड़े रहने की बात दोहराई।

भीतरघात और गुटबाजी के आरोप

सूत्रों की मानें तो कई अन्य पदाधिकारी भी नई सूची से असंतुष्ट हैं। उनका आरोप है कि संगठन के अहम पदों पर नियुक्ति में योग्यता, अनुभव और समर्पण को नजरअंदाज कर दिया गया। इसके स्थान पर व्यक्तिगत संबंधों और गुटीय नजदीकियों को तरजीह दी गई। इससे पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है।

राजनीतिक विश्लेषकों की चेतावनी

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह स्थिति कांग्रेस के लिए शुभ संकेत नहीं है। यदि संगठनात्मक असंतोष को समय रहते शांत नहीं किया गया, तो पार्टी को आगामी चुनावों में इसका भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। अंदरूनी कलह और गुटबाजी पार्टी की ताकत को कमजोर कर सकती है।

फिलहाल पार्टी के प्रदेश या जिला स्तर के किसी भी शीर्ष नेतृत्व की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में सबकी निगाहें अब पार्टी हाईकमान की ओर टिकी हैं कि वह इस उभरते विवाद को किस प्रकार संभालता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button