उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भी नहीं शुरू हो सका निर्माण
मनबढ़ो ने जबरन कूड़ा निस्तारण केंद्र का निर्माण रोका

जन एक्सप्रेस/ खुटहन/जौनपुर: स्वच्छ भारत मिशन के तहत खुटहन गांव में अपशिष्ट प्रबंधन के दृष्टिगत कूड़ा निस्तारण केंद्र (आरआरसी) का निर्माण कार्य को गांव के कुछ मनबढ़ो द्वारा जबरन रोक दिया गया है। जिसे बनाए जाने के लिए ग्राम प्रधान के द्वारा उच्च न्यायालय तक की शरण ली गई। न्यायालय के आदेश के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
प्रधान धर्मेन्द्र कुमार मौर्य का आरोप है कि उक्त आरआरसी का निर्माण कार्य लगभग पांच माह पूर्व गांव की रिहायशी बस्ती से लगभग सात सौ मीटर दूर सरकारी भूमि में शुरू कराया गया। गांव के छह मनबढ़ो के द्वारा राजमिस्त्री और मजदूरों को धमकाकर भगा दिया गया। मामला एसडीएम शाहगंज और जिलाधिकारी तक ले जाया गया। उच्चाधिकारियों के द्वारा प्रकरण गंभीरता से नहीं लिए जाने पर उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की गई। आरोप है कि निर्माण के पक्ष में आदेश के बाद भी दबंगो के द्वारा काम नहीं करने दिया जा रहा है। प्रधान ने मुख्यमंत्री पोर्टल,डीएम, एसडीएम और थाने पर प्रार्थना पत्र देकर पुलिस बल की मौजूदगी में निर्माण शुरू कराए जाने की गुहार लगाई है।