महराजगंज में गो-तस्करी का खुलासा, पुलिस पीछा करते हुए पलटी पिकअप

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जनपद में गो-तस्करी और पशु क्रूरता के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महराजगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देशन में सक्रिय पुलिस टीम ने गोवंशीय पशुओं को गोवध के लिए ले जा रहे तस्करों की साजिश को नाकाम कर दिया है। हालांकि, दुर्घटना का लाभ उठाकर तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह करीब 4:30 बजे मुखबिर की खास सूचना पर पुलिस को एक सफेद रंग की पिकअप वाहन से गोवंशीय पशुओं की तस्करी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम खैराटी चौराहे के पास पहुंच गई। कुछ ही देर में संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखते ही चालक वाहन को तेज गति से बेलहिया की ओर भगाने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया। इसी दौरान ग्राम सेमरहना के पास चकरोड पर पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे का फायदा उठाकर वाहन सवार तस्कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर आठ गोवंशीय पशु अत्यंत क्रूरता के साथ बंधे हुए पाए गए। वही सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्साधिकारी द्वारा गोवंशों की स्वास्थ्य परीक्षण की जिनमें 3 गाय एवं 1 बछड़ा सहित कुल 4 गोवंशीय पशुओं को मृत घोषित कर दिया। वहीं 1 गाय और 3 बछड़े कुल 4 गोवंशीय पशु जीवित एवं स्वस्थ पाए गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष बरगदवा शैलेन्द्र शुक्ला ने बताया कि थाना बरगदवा पर मुकदमा संख्या 06/2026 अंतर्गत धारा 3/5A/8 उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौके से एक पिकअप वाहन संख्या UP57 BT 3844 को कब्जे में ले लिया है। फरार तस्करों की तलाश जारी है और शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।






