उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर में आंवला के पेड़ पर दिखी हनुमान जी की आकृति, दर्शन के लिए उमड़ी ग्रामीणों की भीड़

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के आशानन्दपुर गांव में एक आंवला के पेड़ ने इन दिनों लोगों के बीच आस्था और कौतूहल का केंद्र बना दिया है। गांव में लगे एक आंवला के पेड़ के तने पर ऐसी आकृति दिखाई दे रही है, जिसे ग्रामीण भगवान हनुमान का स्वरूप मान रहे हैं।

जानकारी के अनुसार गांव के निवासी प्रभात तिवारी की नजर अपने घर के पास लगे आंवला के पेड़ पर पड़ी। जब उन्होंने पेड़ के तने को ध्यान से देखा तो उसमें नारंगी रंग की आकृति उभरी हुई दिखाई दी, जो उन्हें हनुमान जी के चेहरे जैसी प्रतीत हुई। यह बात उन्होंने आसपास के लोगों को बताई, जिसके बाद देखते ही देखते गांव में यह चर्चा फैल गई।

खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। लोगों ने पेड़ के नीचे अगरबत्ती, फूल और दीप जलाकर पूजा-अर्चना शुरू कर दी। कुछ श्रद्धालुओं ने इसे हनुमान जी का चमत्कार बताते हुए माथा टेककर प्रार्थना भी की।

पेड़ के नीचे दीपक और अगरबत्ती जलाते हुए श्रद्धालु लगातार दर्शन कर रहे हैं। कई लोग दूर-दूर से भी इस अनोखी आकृति को देखने के लिए पहुंच रहे हैं।

हालांकि कुछ लोग इसे पेड़ की प्राकृतिक बनावट मान रहे हैं, लेकिन श्रद्धालुओं के लिए यह आस्था और विश्वास का विषय बन गया है। गांव में इस अनोखी घटना को लेकर दिनभर चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग लगातार पेड़ के पास पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button