दमोदरा गौशाला की बदहाली: चारे की कमी से रोज़ाना दम तोड़ रहे हैं पशु, कौओं का बन रहे निवाला

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर मड़ियाहूं रामपुर विकास खंड के अंतर्गत दमोदरा में संचालित गौशाला की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। चारे और देखभाल की कमी के चलते यहां प्रतिदिन कई पशुओं की मौत हो रही है। मृत पशुओं के शव खुले में पड़े रहने से कौए और दूसरे जानवर उनका निवाला बना रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की ओर से करोड़ों रुपये खर्च कर गौशाला तो बनाई गई, लेकिन उसकी व्यवस्थाएं कागज़ों तक ही सीमित हैं। चारे की भारी कमी, साफ-सफाई और पशुओं की सही देखरेख न होने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं।
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि अधिकारी मौके पर पहुंचने के बावजूद आंखों से देखी चीजों को भी सही मानने से इनकार कर देते हैं। प्रशासन की लापरवाही और पशु सेवा विभाग की उदासीनता के कारण गौशाला धीरे-धीरे पशुओं के लिए मौत का अड्डा बनती जा रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारी तत्काल संज्ञान लेकर गौशाला की स्थिति सुधारें, ताकि पशुओं की जान बच सके।






