:जौनपुरjaunpurउत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर के खेतासराय में शराब से रोकने पर युवक पर जानलेवा हमला

जन एक्सप्रेस/जौनपुर:  जौनपुर खेतासराय थाना क्षेत्र के अमरेथुआ गांव में शराब पीने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया, जहां आरोपियों ने युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महज 24 घंटे के भीतर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

बताया जाता है कि 1 अप्रैल की रात करीब 9 बजे सन्दीप राजभर ने गांव के कुछ युवकों को शराब पीने से रोका, जिससे नाराज होकर आरोपियों ने उस पर हमला बोल दिया। चाकू से किए गए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मामले की सूचना मिलते ही खेतासराय पुलिस हरकत में आई और मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव व क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत सिंह चौहान के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 2 अप्रैल को सोंगर पुलिया के पास से पांचों नामजद आरोपियों—सचिन राजभर, विकास राजभर उर्फ भोलू, विकास राजभर उर्फ विकेश, आदित्य राजभर व अमर राजभर उर्फ गोरेलाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है, वहीं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश भी गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button