लोनी गाजियाबाद में कई मोरों की मौत से हड़कंप ,कीटनाशक से मौत की आशंका

जन एक्सप्रेस/गाजियाबाद: गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब पचायरा गांव के जंगलों में बड़ी संख्या में राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत पाए गए। यह घटना ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सामने आई है।
सोमवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे तो उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर कई मोरों को मृत अवस्था में देखा। इस दृश्य को देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि खेतों में फसलों की सुरक्षा के लिए किए गए कीटनाशक के छिड़काव के कारण मोरों की मौत हुई हो सकती है।
ग्रामीणों के अनुसार हाल ही में खेतों में जहरीली दवाओं का इस्तेमाल किया गया था, जिससे मोरों ने जहरीले दाने चुग लिए या दूषित पानी पी लिया होगा।
पुलिस ने सभी मृत मोरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग और पुलिस की टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।






