उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर के दीपक सिंह बने भाजयुमो मुंबई प्रदेश अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

जन एक्सप्रेस/जौनपुर/मुंबई: जौनपुर जिले के मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के भरतीपुर गांव के निवासी दीपक आजाद सिंह को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) मुंबई का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा मुंबई अध्यक्ष विधायक अमित साटम द्वारा की गई है। इस नियुक्ति के बाद जौनपुर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।

बताया जा रहा है कि पूर्वांचल से आने वाले युवाओं में दीपक सिंह पहले ऐसे कार्यकर्ता हैं जिन्हें भाजयुमो मुंबई में इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले दीपक सिंह की शिक्षा एमबीए तक हुई है और उनकी जन्म व कर्मभूमि मुंबई ही रही है।

दीपक सिंह ने अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत धारावी विधानसभा क्षेत्र से युवा मोर्चा के वार्ड महामंत्री के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने मंडल उपाध्यक्ष, मंडल महामंत्री, मुंबई उपाध्यक्ष और मुंबई युवा मोर्चा महामंत्री जैसे कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। संगठन में उनकी सक्रियता, जमीनी कार्यशैली और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए उन्हें अब मुंबई अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सामाजिक कार्य, स्वास्थ्य शिविर, युवा उत्थान, खेलकूद गतिविधियों और पार्टी की विचारधारा के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही कार्यकर्ताओं को संगठित करने और जन मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरकर आंदोलन करने में भी वे अग्रणी रहे हैं।

नियुक्ति पर दीपक सिंह ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम और पूर्व भाजयुमो मुंबई अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सेवा का नया अवसर है और वे संगठन को मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने तथा मुंबई और देश के विकास में योगदान देने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर जो विश्वास जताया है, उसे वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उनका लक्ष्य मुंबई के हर युवा तक भाजपा की विचारधारा और सरकार की जनहितकारी योजनाओं को पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button