हरदोई के सीएसएन पीजी कॉलेज में हीरक जयंती समारोह में शामिल हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई में सीएसएन पीजी कॉलेज के हीरक जयंती समारोह के समापन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। मंच पर आते ही उन्होंने औपचारिक भाषण के बजाय हरदोई की स्थानीय बोली में संवाद शुरू किया, जिससे छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
उप मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि समय के साथ बहुत कुछ बदला है, लेकिन हरदोई की पहचान और आत्मीयता आज भी वैसी ही है। उन्होंने कॉलेज के संस्थापक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मोहनलाल वर्मा को नमन करते हुए कहा कि उनका परिवार वर्षों से वर्मा परिवार के संपर्क में रहा है और वे बचपन में अपने पिता के साथ इस परिसर में आया करते थे।
ब्रजेश पाठक ने पुराने समय की परिवहन और बिजली व्यवस्था की कठिनाइयों का जिक्र करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा के प्रति समर्पण कम नहीं था। उन्होंने दलेलनगर, बावन, बालामऊ और कछौना जैसे ग्रामीण क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिए सकारात्मक सोच, शिक्षकों से संवाद और निरंतर मेहनत बेहद जरूरी है।
अपने संबोधन में उन्होंने संत कवि सूरदास, कबीर और रहीम के दोहों का उल्लेख किया तथा महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद को याद करते हुए युवाओं से महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एमएलसी संतोष सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा और प्राचार्य कौशलेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।






