हेलीकॉप्टर में खराबी से बाल-बाल बचे डिप्टी सीएम केशव मौर्य, लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग
लखनऊ से कौशांबी जा रहे थे उपमुख्यमंत्री, तकनीकी खराबी के बाद हेलीकॉप्टर में भर गया धुआं; सड़क मार्ग से रवाना होने की तैयारी

जन एक्सप्रेस/लखनऊ:उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बच गए। लखनऊ से कौशांबी के लिए रवाना हुए उनके हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद पायलट को तुरंत चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।जानकारी के अनुसार उपमुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से लखनऊ के ला मार्ट्स क्षेत्र से कौशांबी के कार्यक्रम के लिए जा रहे थे। उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई। सूत्रों के मुताबिक खराबी के कारण हेलीकॉप्टर के अंदर धुआं भर गया, जिसके बाद पायलट ने सतर्कता बरतते हुए तत्काल लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा दी।घटना के बाद उपमुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। एहतियात के तौर पर अब उनके सड़क मार्ग से कौशांबी जाने की तैयारी की जा रही है।
वहीं सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए हेलीकॉप्टर की तकनीकी टीम द्वारा पूरी जांच की जा रही है, ताकि खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों के अनुसार जांच के बाद ही हेलीकॉप्टर को दोबारा उड़ान की अनुमति दी जाएगी।






