उत्तराखंड

तीन-चार दिन बारिश के कारण श्रद्धालु-तीर्थयात्री अपनी यात्रा रखें स्थगित : विक्रम सिंह

देहरादून । उत्तराखंड के मौसम का मिजाज रविवार से पूरी तरह बदल गया है। बीती देर शाम से प्रदेश में रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते आम जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसके कारण जहां राजधानी देहरादून की सड़कों पर पानी भरा हुआ है और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है वहीं राजधानी में लगातार जाम लग रहा है और लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग का कहना है कि 30 अप्रैल से लगातार हो रही बारिश समस्या का कारण बन गई है। उन्होंने बताया कि 3 मई तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। इसी के साथ विभाग ने चारधाम समेत पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग के साथ-साथ पुलिस प्रशासन और मौसम विभाग के जानकारों ने भी यात्रियों को सचेत किया है कि वे मौसम ठीक होने तक पहाड़ों की यात्रा न करें।

मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि चार धाम समेत पहाड़ी क्षेत्रों में 2 से 3 फीट की बर्फबारी हो सकती है और मैदानी जिलों में भी बारिश की संभावना है। ऐसे में चार धाम यात्रा करने वाले यात्रियों, पुलिस और एसडीआरएफ को सतर्क रहने की जरूरत है। कुमाऊं के कुछ क्षेत्रों में ज्यादा बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के निदेशक का कहना है कि लगातार हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहेगी। कुमाऊं क्षेत्र में कहीं कहीं भारी बारिश होगी जबकि गढ़वाल में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर बर्फबारी चलती रहेगी। गंगोत्री, यमुनोत्री हेमकुंड साहिब में देर रात से बर्फबारी शुरू हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button