डीसीडब्ल्यू के हस्तक्षेप के बाद शिक्षा निदेशालय एक्शन में

नई दिल्ली । दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) के हस्तक्षेप के बाद शिक्षा निदेशालय ने सक्रियता दिखाई है। महिला शिक्षकों की ओर से यौन उत्पीड़न की शिकायतों पर शिक्षा निदेशालय ने दिल्ली सरकार के एक स्कूल में उप प्रधानाचार्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू की है।
डीसीडब्ल्यू को कादीपुर स्कूल के प्रमुख के खिलाफ यौन और मानसिक उत्पीड़न की कई शिकायतें मिलीं। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि आरोपित ने स्कूल की शिक्षिकाओं का यौन और मानसिक उत्पीड़न किया है। शिक्षिकाओं ने उसके खिलाफ कई बार उच्चाधिकारियों से भी शिकायत की थी।
इस संबंध में डीसीडब्ल्यू की सदस्य फिरदोस खान ने शिक्षा उप निदेशक (उत्तर पश्चिम-ए) को समन जारी किया था, जिन्होंने बताया कि इस मामले को देखने के लिए एक जांच समिति का गठन किया गया है।
इसके बाद डीसीडब्ल्यू की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने शिक्षा निदेशक को समन जारी कर मामले में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी। शिक्षा निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी डीसीडब्ल्यू के समक्ष उपस्थित होकर जानकारी दी कि आरोपित शिक्षक को स्कूल से स्थानांतरित कर दिया गया है। साथ ही कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न निवारण अधिनियम के तहत मामला जिले की स्थानीय शिकायत समिति को भेज दिया गया है।
डीसीडब्ल्यू की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कार्रवाई को अपर्याप्त बताया और आरोपित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके बाद अधिकारी फिर से आयोग के सामने पेश हुए और कहा कि शिक्षा निदेशक ने आरोपित व्यक्ति के खिलाफ सीसीएस आचरण नियम 1964 की धारा 14 के तहत अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने का फैसला किया है।






