उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर में ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ बुकलेट का वितरण, अन्नप्राशन संस्कार के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित

बाल विकास विषय पर आधारित कार्यक्रम में जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: उत्तर प्रदेश में ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ पूर्ण होने के अवसर पर जौनपुर कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय बाल विकास एवं पुष्टाहार रहा, जिसमें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र द्वारा दो बच्चों अंचल और कीर्ति के अन्नप्राशन संस्कार से की गई। इसके बाद दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया गया।

इस दौरान आईसीडीएस विभाग के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मुख्य सेविकाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में निधि (बक्सा), अनीता यादव (जौनपुर नगर), दीपिका शुक्ला (खुटहन) के साथ प्रतिभा सिंह, सरिता यादव, विद्यावती देवी, वंदना और संजू यादव शामिल रहीं। इन्हें प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ पर आधारित बुकलेट और फोल्डर का भी वितरण किया गया, जिसमें प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को दर्शाया गया है।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां बच्चों के सर्वांगीण विकास, पोषण और टीकाकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उपस्थित लोगों से तालियां बजवाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने पिछले 9 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेन्द्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button