:जौनपुरjaunpurउत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर डायट में जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता व विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी आयोजित

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिता में जिलाधिकारी ने विजेताओं को किया सम्मानित

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर बेसिक शिक्षा विभाग जौनपुर द्वारा राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) सभागार में जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता एवं विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल एवं उप शिक्षा निदेशक डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने जिलाधिकारी का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत केजीबीवी करंजाकला की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

प्रतियोगिता में जनपद के प्रत्येक विकासखंड से चयनित छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। क्विज प्रतियोगिता एवं विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान, नवाचार और तार्किक सोच का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। क्विज प्रतियोगिता में शीर्ष पांच तथा विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में शीर्ष पांच विद्यार्थियों को विजेता घोषित किया गया। विजेता विद्यार्थियों को जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र द्वारा टैबलेट, बैग, विज्ञान पुस्तकें, प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को ₹2000 नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि विज्ञान जिज्ञासा, नवाचार और भविष्य निर्माण का आधार है। उन्होंने विद्यालयों में निपुण भारत मिशन, स्वच्छता अभियान एवं शैक्षिक नवाचारों की सराहना करते हुए प्रारंभिक शिक्षा को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया। साथ ही मध्यान्ह भोजन में स्थानीय एवं पौष्टिक सब्जियों को शामिल करने की अपील भी की।

उप शिक्षा निदेशक डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विज्ञान मॉडलों की प्रशंसा करते हुए उन्हें निरंतर सीखने और प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में जिला समन्वयक प्रशिक्षण विशाल कुमार, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी आलोक कुमार गुप्ता, एसआरजी टीम के सदस्य, डायट प्रवक्ता तथा विभिन्न विकासखंडों से आए शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नूपुर श्रीवास्तव ने किया।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button