जौनपुर में अंबेडकर प्रतिमा पर कालीख पोतने से आक्रोश, जिलाधिकारी ने खुद किया साफ

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश का एक मामला सामने आया है। लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर पार्क में अराजक तत्वों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर कालीख पोतने की घटना ने इलाके में आक्रोश फैला दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और नाराजगी जताई।
मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना को समाज में अशांति फैलाने की साजिश बताते हुए प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
जौनपुर के जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र स्वयं मौके पर पहुंचे और उन्होंने अपने हाथों से पानी डालकर अंबेडकर जी की प्रतिमा को साफ कराया। जिलाधिकारी के इस कदम की स्थानीय लोगों ने सराहना की। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस घटना में शामिल अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है ताकि दोषियों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।
बताया जा रहा है कि यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब जिले में पहले से ही एक और तोड़फोड़ की घटना को लेकर लोग चिंतित हैं। जानकारी के अनुसार, भंडारी स्टेशन के पीछे छोटी लाइन स्थित कदम रसूल इमामबाड़ा क्षेत्र में भी कुछ अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ कर भारी नुकसान पहुंचाया था। इस घटना के बाद भी इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां भी पहुंच गए और विरोध जताया। हालांकि, प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। अधिकारियों ने इस मामले में भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं को देखते हुए स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन को समय रहते कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि जिले का माहौल खराब न हो और सामाजिक सौहार्द बना रहे। लोगों ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में सख्ती बरतना बेहद जरूरी है, जिससे भविष्य में कोई भी अराजक तत्व इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
फिलहाल प्रशासन ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और पुलिस टीम आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जौनपुर प्रशासन ने जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति एवं भाईचारा बनाए रखें।






