उत्तर प्रदेशचित्रकूट

जिलाधिकारी पुलकित गर्ग का संयुक्त जिला चिकित्सालय सोनपुर का औचक निरीक्षण, सफाई से लेकर सुविधाओं में सुधार के निर्देश

गंदगी पर नाराज़गी, प्रवेश द्वार सुधार, ओपन जिम और झूले लगाने के निर्देश; वेटिंग हॉल व कैंटीन व्यवस्था की भी समीक्षा

जन एक्सप्रेस चित्रकूट कर्वी/सोनपुर।जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने आज संयुक्त जिला चिकित्सालय सोनपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के ठीक सामने गंदगी पाई, जिस पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि गीले और सूखे कूड़े के लिए अलग-अलग डस्टबिन लगाए जाएँ, जिससे परिसर में स्वच्छता सुनिश्चित हो सके।उन्होंने परिसर की बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता से एस्टीमेट तैयार कराने को कहा। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय के प्रवेश द्वार को बेहतर बनाने के लिए भी निर्देश जारी किए।जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद कर्वी को प्रतिदिन नियमित सफाई सुनिश्चित कराने तथा यूज़र फीस की मासिक राशि संयुक्त जिला चिकित्सालय को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों के बच्चों के लिए ओपन जिम, झूले और खेल सामग्री की व्यवस्था कराई जाए, ताकि परिजनों के साथ आने वाले बच्चों को सुरक्षित और उपयोगी स्थान मिल सके।निरीक्षण के दौरान उन्होंने आकांक्षा कैंटीन का भी निरीक्षण किया और उपस्थित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से जानकारी ली। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से कहा कि कैंटीन की साफ-सफाई का नियमित निरीक्षण किया जाए। अस्पताल परिसर में रखी कई टूटी बेंचों को भी तत्काल सही कराने के निर्देश दिए।प्रस्तावित वेटिंग हॉल के लिए जमीन का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा जाए। विद्युत हाल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने टूटे शीशों को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए।इसके बाद उन्होंने ईसीआरपी-2 के तहत बने 32 सैया पीडियाट्रिक वार्ड का निरीक्षण किया और वहाँ मौजूद मरीजों से उपचार और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने इमरजेंसी हॉल का भी निरीक्षण किया और मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के बारे में फीडबैक प्राप्त किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र कुमार, डॉ. तनवीर, डॉ. नरेंद्र पटेल, डॉ. ए.के. मोहन सहित अस्पताल का स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button