डंडिया लक्षी में गन्ने की सहफसली खेती का निरीक्षण करने पहुंचे जिला गन्ना अधिकारी
कृषक रामेश्वर दयाल की लख. 14201 गन्ना किस्म के साथ सूरजमुखी की खेती को बताया अनुकरणीय मॉडल

जन एक्सप्रेस पीलीभीत। विकास खंड बरखेड़ा के ग्राम डंडिया लक्षी में शुक्रवार को जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम भार्गव ने कृषक रामेश्वर दयाल के खेत में गन्ने की पेड़ी फसल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लख. 14201 किस्म की गन्ना फसल के साथ सूरजमुखी की सहफसली खेती को किसानों के लिए एक प्रेरणादायी मॉडल बताया।
कृषक रामेश्वर दयाल द्वारा अपनाई गई इस सहफसली खेती प्रणाली की सराहना करते हुए जिला गन्ना अधिकारी ने कहा कि इससे न केवल भूमि की उत्पादकता बढ़ती है, बल्कि किसानों को अतिरिक्त आय का स्रोत भी प्राप्त होता है। उन्होंने अधिकारियों और किसानों को निर्देशित किया कि इस प्रकार की उन्नत कृषि तकनीकों को और अधिक बढ़ावा दिया जाए। निरीक्षण के दौरान बरखेड़ा के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, बरखेड़ा चीनी मिल के जी.एम. केन, केन मैनेजर शिव राज सिंह, राम बहादुर सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने भी सहफसली खेती के लाभों पर विस्तार से चर्चा की और किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर क्षेत्रीय किसानों को गन्ने की आधुनिक किस्मों, उन्नत तकनीकों और सहफसली खेती की विधियों की जानकारी दी गई, जिससे वे कम लागत में अधिक लाभ अर्जित कर सकें। जिला गन्ना अधिकारी ने अंत में सभी अधिकारियों और कृषकों को इस नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।






