मण्डलायुक्त ने किया नव निर्मित एनआईसी भवन का लोकापर्ण
पत्रावलियों ठीक प्रकार रखें और आवश्यक शासनादेशों को गाइड फाइल में रखने के निर्देश

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोईआयुक्त लखनऊ मण्डल विजय विश्वास पंत ने आज जनपद भ्रमण के दौरान डीएम अनुनय झा के साथ सर्व प्रथम स्वामी विवेकानन्द सभागार के ऊपर नव निर्मित एनआईसी कार्यालय का लोकापर्ण फीता काटकर एवं शिलापट से पर्दा हटाकर किया। इस अवसर पर आयुक्त ने नये एनआईसी भवन में आधुनिक तकनीक व सुविधाओं के लिए डीएम की सराहना की तथा कहा इससे सरकारी कार्यो में पारदर्शिता आयेगी।
इसके उपरान्त आयुक्त ने कलेक्ट्रेट के संग्रह अनुभाग,संयुक्त कार्यालय, शस्त्र अनुभाग,अंग्रेजी अभिलेखागार,राजस्व अभिलेखागार, रिकार्ड रूम,अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय आदि का सघन निरीक्षण किया। संग्रह अनुभाग के सभी पटलों के निरीक्षण में उन्होने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिये कि अभिलेखों एवं पत्रावलियों का रख-रखाव ठीक प्रकार करें और आवश्यक शासनादेशों को गाइट फाइल में रखें। शस्त्र अनुभाग के निरीक्षण में आयुक्त ने कहा कि शस्त्र वरासत संबंधी सभी पत्रावलियों की जांच करायें और शस्त्र नवीनीकरण की प्रक्रिया समय पर निर्धारित करायें। उन्होंने कहा कि सभी पत्रावलियों का डिजिटलीकरण कराये और डिजिटलीकरण से न केवल प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी, बल्कि पारदर्शिता भी बढ़ेगी। उन्होने सेवानिवृत्त कार्मिकों के देयों के भुगतान की स्थिति की जानकारी ली तथा निर्देश दिये कि सेवानिवृत्ति देयों अथवा एसीपी से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित न रखें। निरीक्षण के दौरान सीडीओ सान्या छाबड़ा, अपर जिलाधिकारी वि0रा0 प्रियंका सिंह, न्याययिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट पूनम भास्कर, अरूणिमा श्रीवास्तव, एसडीएम सण्डीला, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम आदि अधिकारी उपस्थित रहे।






