डीएम अतुल वत्स ने सुधा मेडिकल स्टोर का किया औचक निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/हाथरस: जनपद में दवाओं की उपलब्धता और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से अतुल वत्स ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ अलीगढ़ रोड स्थित मंडी समिति में सुधा मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर पर उपलब्ध दवाओं, उनके रख-रखाव और रिकॉर्ड से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दवाओं के स्टॉक रजिस्टर, उनकी वैधता और भंडारण व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। साथ ही मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों के संचालन की स्थिति भी देखी। अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि दवाओं की गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आम लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता को बेहतर और सुरक्षित दवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि दवाओं की उपलब्धता, वितरण और भंडारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन लगातार मेडिकल स्टोर्स की निगरानी कर रहा है ताकि जनहित से जुड़ी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलती रहें।






