मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जनपद जौनपुर में चल रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (SIR) के अंतर्गत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने विभिन्न क्षेत्रों में मतदाता सूची से संबंधित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाए जाने की प्रक्रिया का मूल्यांकन करना रहा।
जिलाधिकारी ने क्षेत्र पंचायत सिरकोनी, विधानसभा क्षेत्र 371 जफराबाद तथा क्षेत्र पंचायत जलालपुर कार्यालय का भ्रमण कर बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।
अनमैप्ड मतदाताओं के नोटिसों की तामील पर जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त अनमैप्ड मतदाताओं से संबंधित नोटिसों की तामील को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नोटिस की सही समय पर तामील सुनिश्चित करना आवश्यक है, जिससे कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नोटिस तामील की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और इसकी नियमित निगरानी की जाएगी।
बीएलए से संवाद कर ली फॉर्म संबंधी जानकारी
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) से संवाद किया। उन्होंने फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ने), फॉर्म-7 (नाम हटाने) एवं फॉर्म-8 (संशोधन) को भरने और जमा करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
बीएलए ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि बीएलओ एवं सुपरवाइजरों द्वारा उन्हें पूरा सहयोग प्रदान किया जा रहा है और फॉर्म भरने या जमा करने में किसी प्रकार की समस्या नहीं आ रही है।
सुनवाई की व्यवस्था पर दिया गया जोर
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित सभी मामलों की सुनवाई के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। कोई भी मतदाता स्वयं अथवा अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से आवश्यक अभिलेखों और साक्ष्यों के साथ अपना पक्ष रख सकता है।
उन्होंने कहा कि सुनवाई प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और प्रत्येक मामले का निस्तारण भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा।
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में बीएलओ का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल अपने स्तर से फॉर्म-6, 7 एवं 8 निर्धारित प्रारूप पर प्रमाणित कर स्वयं जमा कराएं, जिससे प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी पक्षों का सहयोग मिलने से मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाया जा सकता है।
ग्रामीणों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित ग्रामवासियों से भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को नोटिस निर्गत किया गया है, वे नियत तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपने साक्ष्यों का मिलान अवश्य करा लें।
उन्होंने आश्वस्त किया कि इस प्रक्रिया में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे किसी भी पात्र मतदाता को असुविधा न हो।
अधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), बीएलओ, विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए एवं स्थानीय ग्रामवासी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए मतदाता सूची को समयबद्ध और त्रुटिरहित बनाया जाए।






