जौनपुर में बोर्ड परीक्षा केंद्र का DM ने किया औचक निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 को नकलविहीन, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंन्द्र ने मंगलवार को तहसील सदर क्षेत्र अंतर्गत पंचशील इंटर कॉलेज, फतेहगंज में बनाए गए परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक पहुंचने से परीक्षा केंद्र पर हड़कंप की स्थिति बन गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की गहनता से जांच की और कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, स्ट्रांग रूम की स्थिति तथा ड्यूटी पर तैनात कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति का भी परीक्षण किया।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशानुरूप परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या नकल की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए तथा सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप संचालित हों। जिलाधिकारी के इस औचक निरीक्षण से परीक्षा केंद्रों पर सख्ती का संदेश गया है और प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बोर्ड परीक्षा की गरिमा से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






