उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

डीएम ने स्वास्थ्य केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण

हरपुर महन्थ व घुघुली सीएचसी में व्यवस्थाओं की हकीकत परखी, मरीजों को सेवाभाव से इलाज के निर्देश

जन एक्सप्रेस/महराजगंज:  महराजगंज जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने रविवार को जनपद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरपुर महन्थ तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघुली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार की जानकारी ली तथा अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
डीएम ने दवा स्टोर का निरीक्षण कर दवाओं की उत्पादन तिथि व एक्सपायरी डेट की जांच की और स्टॉक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं भी अपना ब्लड शुगर चेकअप कराकर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया। निरीक्षण के समय तक केंद्र पर 18 मरीजों का उपचार व दवा वितरण किया जा चुका था।
सीएचसी घुघुली में निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि 1 नवम्बर से अब तक 18 प्रसव हो चुके हैं। इनमें से एक मामले में प्रसव उपरांत मरीज को समय पूर्व छुट्टी देने पर डीएम ने कड़ी कार्रवाई करते हुए नर्स तनुश्री का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया। आरोग्य मेले के अंतर्गत केंद्र पर 8 मरीजों की जांच व दवा वितरण किया गया था। डीएम ने सभी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी मरीज के साथ संवेदनशीलता और सेवाभाव से व्यवहार किया जाए ताकि शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीकांत शुक्ला, सीएचसी प्रभारी नीरज सिंह, अन्य चिकित्सक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button