उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

डीएम ने रामनगर सीएचसी का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

दवाओं की उपलब्धता और मरीज सुविधाओं पर दिए आवश्यक निर्देश

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चन्द्र ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लेबर रूम, दवा वितरण कक्ष, महिला वार्ड, ड्रग स्टोर सहित अन्य कक्षों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने चीफ फार्मासिस्ट से एंटी स्नेक वेनम एवं एंटी रेबीज इंजेक्शन की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिस पर अवगत कराया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर दोनों ही प्रकार के इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।

निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ०अभिषेक कुमार सिंह को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक दवाएं केंद्र पर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। साथ ही मरीजों के बैठने, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर संस्थागत प्रसव को और अधिक बढ़ाए जाने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ०अभिषेक कुमार सिंह, महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ०रुचि सिंह, डॉ०त्रिभुवन यादव, फार्मासिस्ट हृदय नारायण, पवन कुमार दीक्षित, टीबी एलटी दीप नारायण सिंह, स्टाफ नर्स प्रेमशिला सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button