उत्तर प्रदेशमहराजगंज

डीएम ने किया खाद्य विपणन कार्यालय के नवीनीकरण कार्यों का उद्घाटन

पारदर्शिता और किसानों की सुविधा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जन एक्सप्रेस / महराजगंज : जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जिला खाद्य विपणन कार्यालय में कराए गए नवीनीकरण कार्यों का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान क्रय की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले धान क्रय केंद्रों की संख्या और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की जानकारी ली।
डिप्टी आरएमओ ने अवगत कराया कि इस वर्ष 126 क्रय केंद्र अनुमोदित किए गए हैं। कॉमन धान का समर्थन मूल्य ₹2,369 तथा ग्रेड-ए धान का मूल्य ₹2,389 निर्धारित किया गया है। यह गत वर्ष की तुलना में ₹69 अधिक है। धान क्रय अवधि 1 नवम्बर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। किसानों के पंजीकरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसानों को टेलीकॉलिंग के माध्यम से सूचित करें कि पंजीकरण केवल www.fcs.up.gov.in पर किया जाएगा, जिसके बाद ही उनकी उपज खरीदी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी क्रय केंद्रों पर चेकलिस्ट के अनुसार उपकरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
डिप्टी आरएमओ ने बताया कि कृषि विभाग के अनुसार जिले में इस वर्ष धान उत्पादन का अनुमान 457.239 मीट्रिक टन, उत्पादकता 32.33 कुं./हे. तथा आच्छादन 1.77 लाख हे. है। जबकि गत वर्ष उत्पादन 517.630 मीट्रिक टन, उत्पादकता 29.08 कुं./हे. और आच्छादन 1.77 लाख हे. था।
गत वर्ष खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में जिले के लिए 2 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित था, जिसके सापेक्ष 2,29,535.912 मीट्रिक टन (114.768 प्रतिशत) धान की खरीद की गई। इस दौरान 42,308 किसानों से उपज खरीदी गई थी।
जिलाधिकारी ने इस बार भी पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से खरीद सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी किसान को केंद्रों पर असुविधा न होने पाए और सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त की जाएं।
इस दौरान बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, डीएसओ ए.पी. सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button