Maharajganj: तहसील कार्यालय का डीएम ने किया आकस्मिक निरीक्षण, अभिलेखों व वसूली कार्य की ली जानकारी
पुराने वादों की पत्रावलियों, सर्विस बुक और फसली खसरा का किया निरीक्षण, आरसी वसूली में तेजी लाने के निर्देश

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सदर तहसील कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों के कार्यों की समीक्षा करते हुए तहसीलदार न्यायालय में लंबित पुराने वादों की पत्रावलियों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कर्मचारियों की व्यक्तिगत पत्रावली, सर्विस बुक, जीपीएफ, आरसी वसूली, तहसील दिवस में प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण तथा रिकॉर्ड रूम में रखे फसली खसरा सहित अन्य अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि कर्मचारियों की व्यक्तिगत पत्रावली और सर्विस बुक में समय-समय पर मिलने वाले लाभ व संबंधित कार्यवाहियों का समुचित अंकन किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी कर्मचारी या अधिकारी की पत्रावली अथवा सर्विस बुक अधूरी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने 10 बड़े बकायेदारों की सूची तथा आरसी वसूली की स्थिति की समीक्षा करते हुए प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आरसी के सापेक्ष कम वसूली होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए तथा प्रत्येक माह के अंत में समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण में उन्होंने फसली खसरा और बंदोबस्त अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। तहसील दिवस में प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण रजिस्टर की जांच के दौरान पवन गुप्ता (सुरहुरवा) तथा रामदुलारे (धनेवा धनेई) की खतौनी में नाम गलत दर्ज होने की शिकायत के संबंध में जिलाधिकारी ने दूरभाष पर जानकारी प्राप्त की। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उनका नाम सही कर दिया गया है।
इस दौरान उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, तहसीलदार पंकज शाही, अपर तहसीलदार देश दीपक त्रिपाठी, नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव और प्रद्युम्न सिंह सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।






