उत्तर प्रदेशलखनऊ

चारबाग मत जाइए! अब आलमबाग से चलेंगी कानपुर–रायबरेली की 300 बसें

पीपीपी मॉडल पर होगा चारबाग बस टर्मिनल का पुनर्विकास, 50 करोड़ की लागत से बनेगा नया टर्मिनल

जन एक्सप्रेस/लखनऊ।चारबाग बस अड्डे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। अब चारबाग स्टेशन से चलने वाली करीब 300 बसों का संचालन गुरुवार से आलमबाग बस टर्मिनल से किया जाएगा। बसों के साथ-साथ स्टाफ को भी पूरी तरह से शिफ्ट किया जा चुका है।चारबाग बस टर्मिनल का पुनर्विकास पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत किया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की 5 अगस्त को हुई बोर्ड बैठक में इस परियोजना को हरी झंडी मिल चुकी है।इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और दो वर्षों में निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है। टर्मिनल का निर्माण मुंबई की डीजीएस टाउनशिप प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।
सड़क चौड़ीकरण में मिली राहत, अटका था ले-आउट
1930 के ले-आउट के अनुसार महायोजना मार्ग की चौड़ाई 30 मीटर निर्धारित थी, जबकि मौके पर सड़क केवल 24 मीटर चौड़ी है। इससे परियोजना अटक रही थी।एलडीए ने मार्ग चौड़ीकरण और सेटबैक में विकासकर्ता को राहत देकर निर्माण का रास्ता साफ कर दिया है।क्षेत्रीय प्रबंधक आर.के. त्रिपाठी ने बताया कि चारबाग से चलने वाली सभी बसें अब आलमबाग बस टर्मिनल से संचालित होंगी। इसके लिए टर्मिनल के प्लेटफॉर्म संख्या 8 से 12 को विशेष रूप से आवंटित किया गया है।सड़क पर बसें खड़ी न हों, इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बसों का ठहराव टर्मिनल की पार्किंग में ही होगा।
चारबाग से शिफ्ट की गई बसें (डिपोवार)
उपनगरीय डिपो – 101 बसें
हैदरगढ़ डिपो – 93 बसें
चारबाग डिपो – 101 बसें
इन जिलों के लिए मिलेंगी बसें
आलमबाग टर्मिनल से अब प्रतिदिन बसों का संचालन होगा—कानपुर, फतेहपुर, रायबरेली, सुलतानपुर, हैदरगढ़, उन्नाव सहित अन्य जिलों के लिए।यात्रियों के लिए जरूरी सूचना चारबाग से बस पकड़ने की योजना बना रहे यात्री सीधे आलमबाग बस टर्मिनल पहुंचें, जिससे अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button