
जन एक्सप्रेस/हरिद्वार(उत्तराखण्ड) : अवैध कच्ची शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए हरिद्वार पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पथरी थाना पुलिस ने ड्रोन तकनीक की मदद से दिनारपुर, ऐथल और आसपास के घने जंगलों में चल रही अवैध भट्टियों पर छापा मारा और 10 हजार लीटर लाहन नष्ट कर दी। पथरी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जंगल में घुसकर अभियान चलाया। इस दौरान कई अवैध शराब की भट्टियों को मौके पर ध्वस्त कर दिया गया और नालों में लाहन बहा दी गई।
ड्रोन बना पुलिस का हथियार, जंगल के अंदर मिले शराब के अड्डे
पुलिस ने पहली बार इस अभियान में आधुनिक ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया, जिससे घने और दुर्गम जंगलों में छिपे शराब के अड्डों की सटीक जानकारी मिल सकी। ड्रोन की निगरानी से टीम को लोकेशन ट्रैक करने में मदद मिली और पुलिस ने बिना समय गंवाए माफियाओं के नेटवर्क पर धावा बोल दिया।
टीम ने किया साहसी अभियान, भट्टियों को मौके पर ही किया ध्वस्त
इस अभियान में उप निरीक्षक रोहित कुमार, अजय कुमार समेत कई आरक्षियों की टीम शामिल रही। टीम ने जंगल के भीतर घुसकर अवैध शराब कारोबारियों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए उनकी भट्टियों को तोड़ दिया और मौके पर ही लाहन को नष्ट कर दिया।
एसएसपी ने की कार्रवाई की सराहना, अभियान रहेगा जारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने पथरी पुलिस की तत्परता और साहसिक कार्यवाही की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिले को कच्ची शराब के जहर से मुक्त करना पुलिस की प्राथमिकता है। यह अभियान आगे भी और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगा।
जनता से सहयोग की अपील, सूचना गोपनीय रखने का भरोसा
हरिद्वार पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी कच्ची शराब के निर्माण या बिक्री की सूचना मिले, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।






