Maharajganj: पुलिस और एसएसबी की मुस्तैदी से नशीली दवाओं की तस्करी नाकाम, दो गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: 22वीं वाहिनी एसएसबी बरगदवा व पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने सीमा पर सतर्कता और मुस्तैदी का परिचय देते हुए नशीली दवाओं की तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान एक भारतीय और एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नशीली दवा (कैप्सूल) को बरामद किया है।
मंगलवार की रात 22वीं वाहिनी एसएसबी बरगदवा व पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 508/01 के निकट, भारत की ओर लगभग 200 मीटर अंदर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार युवकों को रोककर जांच, तलाशी तथा पूछताछ के दौरान एक भारतीय एवं एक नेपाली नागरिक के कब्जे से कुल 500 नग नशीली टैबलेट (कैप्सूल) बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए अभियुक्तों ने अपना नाम मनजेकर गौड निवासी बरगदवा व शम्स आलम निवासी नेपाल राष्ट्र के रूप में हुई है। बताया गया कि सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार गश्त और संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। इस संबंध में थानाध्यक्ष शैलेन्द्र शुक्ला ने बताया कि नशीली दवा के साथ पकड़े गए दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज जेल भेज दिया गया है।






