जौनपुर केराकत में खुलेआम नशे का कारोबार, भांग ठेके पर अवैध गांजा बिक्री का आरोप

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। केराकत थाना क्षेत्र में खुलेआम नशे का कारोबार फलने-फूलने का आरोप लग रहा है, जिससे न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं का भविष्य भी अंधकार में जाता दिख रहा है।
मामला केराकत थाना क्षेत्र अंतर्गत बकुलिया चौराहे के पास का है। यहां दक्षिण दिशा में जाने वाले मुख्य मार्ग पर, एक फिजियोथेरेपी सेंटर के समीप स्थित भांग के सरकारी ठेके पर अवैध रूप से गांजा बेचे जाने का आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया है। हैरानी की बात यह है कि यह अवैध कारोबार किसी गली-कूचे में नहीं, बल्कि मुख्य सड़क पर दिनदहाड़े चल रहा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, भांग ठेके की आड़ में गांजे की खुलेआम बिक्री की जा रही है। युवाओं की आवाजाही यहां लगातार बनी रहती है और नशे की गिरफ्त में आते जा रहे युवक-युवतियां समाज के लिए चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस अवैध धंधे के कारण क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के बढ़ने का भी खतरा बना हुआ है।
इस पूरे मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब अवैध गांजा बिक्री से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में कथित तौर पर भांग ठेके के पास संदिग्ध गतिविधियां साफ तौर पर देखी जा सकती हैं। वायरल वीडियो के बाद क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है और लोग पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि फिजियोथेरेपी सेंटर जैसी संवेदनशील जगह के पास इस तरह का अवैध कारोबार होना बेहद चिंताजनक है। यह न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि समाज के स्वास्थ्य और नैतिकता पर भी सीधा प्रहार है। लोगों का आरोप है कि या तो पुलिस को इस पूरे मामले की जानकारी नहीं है, या फिर सब कुछ जानने के बावजूद अनदेखी की जा रही है।
अब सवाल यह उठता है कि क्या यह नशे का कारोबार पुलिस की नाक के नीचे चल रहा है, या फिर संबंधित विभाग जानबूझकर आंखें मूंदे हुए हैं। यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले समय में इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।
फिलहाल क्षेत्र की जनता प्रशासन से मांग कर रही है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ताकि नशे के इस अवैध कारोबार पर लगाम लग सके और युवाओं के भविष्य को बचाया जा सके।






