उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर में जमीनी विवाद पर बवाल, दबंगों ने घर में घुसकर की मारपीट; 8 लोग घायल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जिले के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के पतहना गांव में पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर गुरुवार शाम जमकर बवाल हो गया। आरोप है कि 20 से अधिक दबंग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर एक परिवार के घर में घुस गए और महिलाओं सहित परिवार के लोगों के साथ जमकर मारपीट की। इस घटना में आठ लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पीड़ित पक्ष के अनुसार दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है और यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते पड़ोसी पक्ष के लोग एकजुट होकर बुधवार शाम करीब तीन बजे उनके घर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए हमला बोल दिया।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने घर में घुसकर मौजूद लोगों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। मारपीट में महेंद्र यादव पुत्र अमल यादव, जयप्रकाश यादव, प्रदीप कुमार, संदीप कुमार, सुषमा, प्रीतम, निर्मला और उर्मिला यादव घायल हो गए।

आरोप है कि दबंगों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए ताकि घटना का कोई सबूत न रह सके। इसके अलावा घर के बाहर खड़ी चार पहिया गाड़ी और मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हमलावरों ने घर का मुख्य दरवाजा भी तोड़ दिया, जिससे काफी नुकसान हुआ।

पीड़ित महेंद्र यादव का कहना है कि जमीन का मामला उच्च न्यायालय में लंबित है, इसके बावजूद विपक्षी पक्ष लगातार दबाव बनाकर मारपीट करता रहता है। उन्होंने स्थानीय पुलिस पर भी विपक्षी पक्ष से मिलीभगत का आरोप लगाया है।

घटना की सूचना मिलते ही सराय ख्वाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करंजाकला भेजा गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इस संबंध में थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि मामले में पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तोड़फोड़ किए गए वाहनों को भी कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में फिलहाल पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की दोबारा तनावपूर्ण स्थिति न बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button